फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajasthan News: बीकानेर डिस्पेंसरी विवाद ने लिया नया मोड़, पूर्व यूआईटी चेयरमैन समेत कई लोगों पर मामला दर्ज

Thu, 04 Jun 2026 07:35 AM IST
बीकानेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बीकानेर

सार

बीकानेर की सिटी डिस्पेंसरी नंबर-5 में हुए विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। डिस्पेंसरी प्रभारी डॉ. बिंदूबाला की शिकायत पर पूर्व यूआईटी चेयरमैन मकसूद अहमद सहित कई लोगों के खिलाफ कोटगेट थाने में मामला दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
बीकानेर:महिला चिकित्सक ने दर्ज कराई एफआईआर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बीकानेर की सिटी डिस्पेंसरी नंबर-5 में हुए हाईप्रोफाइल हंगामे का मामला अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। जिस विवाद के बाद महिला चिकित्सक को हटाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया था, अब उसी मामले में महिला चिकित्सक की शिकायत पर पूर्व यूआईटी चेयरमैन मकसूद अहमद सहित कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस कार्रवाई के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

महिला चिकित्सक ने लगाए गंभीर आरोप

डिस्पेंसरी प्रभारी डॉ. बिंदूबाला ने कोटगेट थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 30 मई को दो माह के एक बच्चे को बेहतर इलाज के लिए पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया था। इसके बाद बड़ी संख्या में कुछ लोग डिस्पेंसरी पहुंच गए और वहां हंगामा शुरू कर दिया। डॉ. बिंदूबाला का आरोप है कि आरोपियों ने राजकार्य में बाधा पहुंचाई, उनके साथ गाली-गलौज की और धमकियां दीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें कमरे में बंद कर बंधक बना लिया गया।

वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप

महिला चिकित्सक ने अपनी शिकायत में कहा है कि बिना अनुमति उनका वीडियो बनाया गया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। उनका आरोप है कि ऐसा उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से किया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में लोग महिला चिकित्सक के कक्ष में मौजूद दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में लोगों के बीच तेज बहस, शोर-शराबा और हंगामे की स्थिति भी नजर आ रही है।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें- Jaipur News: महल रोड पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार थार ने बाइक को टक्कर मारकर 150 मीटर तक घसीटा, युवक की मौत

पुलिस ने दर्ज किया मामला

कोटगेट थाना प्रभारी धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि डॉ. बिंदूबाला की रिपोर्ट के आधार पर पूर्व यूआईटी चेयरमैन मकसूद अहमद सहित अन्य लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा पहुंचाने, अभद्र व्यवहार करने और धमकियां देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पहले चिकित्सक को हटाने की मांग को लेकर हुआ था धरना

गौरतलब है कि घटना के बाद मकसूद अहमद और उनके समर्थकों ने महिला चिकित्सक को हटाने की मांग को लेकर डिस्पेंसरी के बाहर धरना प्रदर्शन किया था। इस विवाद के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने डॉ. बिंदूबाला को वहां से हटा दिया था। अब महिला चिकित्सक की शिकायत पर मामला दर्ज होने के बाद यह विवाद फिर चर्चा में आ गया है। एफआईआर दर्ज होने से पूरे प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है और पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें