महिला डॉक्टर का सड़ा-गला शव बरामद
- फोटो : अमर उजाला
बीछवाल थाना क्षेत्र स्थित होटल करणी भवन पैलेस के पास स्थित भोजवानी विला में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब जर्मनी से लौटी महिला डॉक्टर मोनिका भोजवानी का सड़ा-गला शव उनके ही घर से बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार डॉ. मोनिका भोजवानी पिछले करीब तीन वर्षों से अकेली इसी घर में रह रही थीं और कई दिनों से घर से बाहर नहीं निकली थीं। बुधवार दोपहर जब मकान से तेज दुर्गंध आने लगी तो आसपास के लोगों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सीओ सदर अनुष्का कालिया और बीछवाल थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मकान का दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर पुलिस को डॉ. मोनिका का शव मिला, जो लगभग चार से पांच दिन पुराना बताया जा रहा है। शव पूरी तरह सड़ चुका था और उससे तेज दुर्गंध फैल रही थी।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: डीडवाना कुचामन पुलिस के ऑफिशियल X हैंडल से साझा हुई राहुल गांधी की पोस्ट, सियासी हलचल तेज
घर के बाहर खड़ी एक कार पर भी मिट्टी की मोटी परत जमी हुई मिली, जिससे पुलिस को अंदेशा है कि यह वाहन कई दिनों से उपयोग में नहीं था। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य एकत्र किए।बाद में शव को खिदमतगार खादिम सोसायटी और असहाय सेवा संस्थान के सेवादारों की मदद से एंबुलेंस द्वारा पीबीएम अस्पताल भेजा गया।
फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने जर्मनी में रह रहे मृतका के भाई डॉ. संजय भोजवानी को घटना की जानकारी दे दी है। उनके भारत आने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।