बीकानेर में देशनोक थाना इलाके के बरसिंहसर में एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवकों ने नाबालिग बच्ची को अगवा कर अपनी कार में डालकर ले गए और इन लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने देशनोक पुलिस को दिए गए अपने बयान में बताया है कि बुधवार को वह स्कूल की छुट्टी होने के बाद घर को जा रही थी। तभी पीछे से आई सफेद रंग की एक कार से दो युवक उतरे और जबरन उसे कार में डालकर सुनसान जगह पर ले जाकर तीनों युवकों ने उसके साथ बारी-बारी गलत काम किया। दुष्कर्म के बाद आरोपी उसे गांव के चौराहे पर छोड़ गए।
पीड़िता ने घर पहुंचकर अपने साथ हुई ज्यादती के बारे में परिजनों को बताया। नाबालिग बच्ची के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद देशनोक थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी युवकों की तलाश में जुटी हुई है। देशनोक थानाधिकारी कश्यप सिंह ने बताया कि नाबालिग के बयान के आधार पर पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश, रेवंतराम और लीलाधर के रूप में हुई है। फिलहाल, नाबालिग को पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।