पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने दो दिवसीय बीकानेर प्रवास के दौरान शुक्रवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा रवींद्र रंगमंच पर आयोजित ‘संविधान बचाओ रैली’ में शामिल हुए। इस जनसभा में गहलोत ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि दोनों सरकारें तानाशाही तरीके से शासन चला रही हैं तथा संविधान की मूल भावना को लगातार कमजोर किया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा पर हिंदू राष्ट्र के नाम पर समाज में वैमनस्य फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “गौशालाओं को कांग्रेस सरकार में सर्वाधिक अनुदान मिला, जबकि भाजपा शासन में बीफ निर्यात पिछले 11 वर्षों में कई गुना बढ़ गया है।” उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा दोहरे मापदंड अपनाकर जनता को गुमराह कर रही है।
पहलगाम और प्रयागराज की घटनाओं पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने कश्मीर के पहलगाम में हुई 26 लोगों की मौत और प्रयागराज भगदड़ की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन गंभीर मामलों में कोई जांच नहीं करवाई गई और न ही जिम्मेदारी तय की गई। उन्होंने सवाल किया कि क्या लोकतंत्र में सवाल पूछना अब अपराध बन गया है?
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर कटाक्ष
गहलोत ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह देश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने महज डेढ़ साल के कार्यकाल में ही खुद को पांच साल की कांग्रेस सरकार से बेहतर घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें: बुजुर्ग महिला से लूट का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, 1.42 लाख रुपये बरामद, नशे के लिए की थी वारदात
एनसीईआरटी और आरएसएस को लेकर भी हमलावर
गहलोत ने एनसीईआरटी पाठ्यक्रमों में बदलाव और सरकारी नौकरियों में कथित पक्षपात को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारों में आरएसएस लॉबी पूरी तरह से हावी है और नियुक्तियों से लेकर स्कूलों तक, प्राथमिकता आरएसएस से जुड़े लोगों को दी जा रही है।
संसद में प्रधानमंत्री की चुप्पी पर सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संसद में विपक्ष के सवालों पर चुप्पी पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पास सवालों के जवाब देने का सुनहरा अवसर था, लेकिन उन्होंने मौन साधना ही बेहतर समझा।
सीजफायर विवाद पर भी उठाए सवाल
गहलोत ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा किए गए सीजफायर के 29 दावों का जिक्र करते हुए पूछा कि आखिर ऐसा कौन-सा रहस्य है, जिस पर प्रधानमंत्री मोदी अब तक चुप्पी साधे हुए हैं?
अन्य नेताओं ने भी की सभा को संबोधित
रैली को पूर्व मंत्री बुलाकी दास कल्ला, गोविंदराम मेघवाल, भंवर सिंह भाटी, धर्मेंद्र राठौड़, विधायक सुशीला डूडी, प्रभारी शिमला नायक, जिला अध्यक्ष यशपाल गहलोत, देहात अध्यक्ष बिशनाराम सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।