राजस्थान के बीकानेर शहर के गंगाशहर थाना इलाके में एक व्यापारी के जिंदा जलने की घटना से सनसनी फैल गई है। घटना का दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गंगाशहर के कुम्हारों के मोहल्ला निवासी सत्यनारायण सोनी मोहता सराय की खानों के पास शाम को जली हुई हालात में पाया गया। राहगीरों की मदद से सत्यनारायण को पीबीएम अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के मुताबिक, सत्यनारायण सोनी अपनी दुकान से ग्यारह लाख पचास रुपये नकदी और कुछ सोने का सामान लेकर किसी को देने के लिए निकले थे। लेकिन मोहता सराय के पास मोटरसाइकिल को किनारे पार्क कर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। आसपास से गुजर रहे लोग अचानक हुए इस घटनाक्रम को देखकर हतप्रभ रह गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत वहां पास पड़ी मिट्टी को फेंककर आग को बुझाने के प्रयास किया। आग बुझने के बाद फौरन घायल को इलाज के लिए पीबीएम में लेकर गए।
व्यापारी को जलने से बचाने की कोशिश करते स्थानीय (सीसीटीवी फुटेज का स्क्रीनग्रैब)
घटना की जानकारी के बाद पुलिस और मजिस्ट्रेट घायल सत्यनारायण सोनी का लिखित बयान लेने के लिए पीबीएम पहुंची। लेकिन सोनी के बयान देने की स्थिति न होने पर बयान नहीं लिया जा सका। अब पुलिस इस पड़ताल में जुटी है कि आखिर सत्यनारायण ने खुद को पेट्रोल डालकर आग क्यों लगाई।