भीलवाड़ा नगर निगम के 70 वार्डों के चुनाव के नतीजे आज आएंगे। इस बार नगर निगम क्षेत्र में कुल 2 लाख 96 हजार 682 मतदाता थे, जिनमें से 1 लाख 89 हजार 390 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। नगर निगम क्षेत्र में कुल 63.84 प्रतिशत मतदान हुआ। यह भीलवाड़ा में पिछले 26 साल में हुए नगर निकाय चुनावों में सबसे कम मतदान रहा। वर्ष 2021 में हुए नगर निगम चुनाव में 67.13 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार मतदान प्रतिशत घटकर 63.84 प्रतिशत रह गया। यानी पिछले चुनाव की तुलना में इस बार 3.29 प्रतिशत कम मतदान हुआ।
17 वार्डों में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी नहीं
भीलवाड़ा नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के 17 प्रत्याशियों के सिंबल ऐन वक्त पर पेश नहीं हो पाने के कारण इन 17 वार्डों में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी मैदान में नहीं रहे। चुनाव के दौरान यह मुद्दा भी प्रमुखता से सामने रहा।
वार्ड 1 में सबसे ज्यादा, वार्ड 60 में सबसे कम मतदान
मतदान प्रतिशत के लिहाज से सभी 70 वार्डों में काफी अंतर देखने को मिला। वार्ड नंबर 1 में सबसे ज्यादा 79.66 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां कुल 4,876 मतदाताओं में से 3,884 ने मतदान किया। वहीं वार्ड नंबर 60 में सबसे कम 49.63 प्रतिशत मतदान हुआ। इस वार्ड में कुल 5,154 मतदाता थे, जिनमें से 2,558 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
सबसे ज्यादा मतदान वाले वार्ड
वार्ड 1 - 79.66 प्रतिशत
वार्ड 3 - 79.17 प्रतिशत
वार्ड 26 - 77.52 प्रतिशत
वार्ड 70 - 77.38 प्रतिशत
वार्ड 2 - 76.69 प्रतिशत
वार्ड 24 - 75.49 प्रतिशत
ये भी पढृें: राजस्थान निकाय चुनाव परिणाम: जयपुर से जोधपुर तक दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर, अजमेर की क्या रहेगी स्थिति?
सबसे कम मतदान वाले वार्ड
वार्ड 60 - 49.63 प्रतिशत
वार्ड 66 - 49.99 प्रतिशत
वार्ड 8 - 52.25 प्रतिशत
वार्ड 67 - 52.53 प्रतिशत
वार्ड 61 - 53.54 प्रतिशत
वार्ड 44 - 53.70 प्रतिशत
2021 के मुकाबले 3.29 प्रतिशत कम मतदान
भीलवाड़ा नगर निगम के वर्ष 2021 के चुनाव में 67.13 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार यह आंकड़ा घटकर 63.84 प्रतिशत रह गया। यानी पांच साल बाद हुए नगर निगम चुनाव में मतदान प्रतिशत में 3.29 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इस लिहाज से इस बार मतदाताओं का मतदान के प्रति उत्साह पिछले चुनाव की तुलना में कम दिखाई दिया।
सड़क, नाली, सफाई और पेयजल रहे प्रमुख मुद्दे
नगर निगम चुनाव के दौरान शहर में कई स्थानीय मुद्दे प्रमुखता से उठे। इनमें सड़क, नाली, सफाई व्यवस्था, सीवरेज, पेयजल, बिजली, जलभराव, यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण जैसे मुद्दे शामिल रहे।
शहर के कई हिस्सों में खराब सड़कों और नालियों की समस्या को लेकर मतदाताओं में नाराजगी दिखाई दी। सफाई व्यवस्था और कचरा निस्तारण भी चुनावी चर्चा का प्रमुख विषय रहा। इसके अलावा पेयजल आपूर्ति, शहर में बढ़ता यातायात दबाव और पार्किंग की समस्या भी मतदाताओं के बीच चर्चा में रही। कई वार्डों में स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों की स्थिति और पिछले बोर्ड के कामकाज को लेकर भी प्रत्याशियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप हुए। मतदाताओं के सामने वार्ड की मूलभूत सुविधाओं के साथ शहर के समग्र विकास का मुद्दा भी रहा।
भीलवाड़ा- एक नजर में
कुल वार्ड- 70
कुल मतदाता- 2,96,682
मतदान करने वाले मतदाता- 1,89,390
कुल मतदान- 63.84 प्रतिशत
2021 में मतदान- 67.13 प्रतिशत
पिछली बार से कमी- 3.29 प्रतिशत
सबसे ज्यादा मतदान- वार्ड 1 में 79.66 प्रतिशत
सबसे कम मतदान- वार्ड 60 में 49.63 प्रतिशत