एनएसयूआई छात्रों ने यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनावों की बहाली को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। एनएसयूआई छात्र जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय से पैदल मार्च निकालते हुए सीएम जनसुनवाई केंद्र की ओर आगे बढ़े तो पुलिस बल ने उन्हें यातायात चौराहे पर रोक लिया। इस दौरान पुलिसकर्मी और एनएसयूआई छात्रों के बीच धक्का-मुक्की देखने को मिली।
इसके बाद विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्र बीच सड़क पर बैठ गए और मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर ज्ञापन लेकर छात्रों को आश्वासन देते हुए कहा कि आपकी बात सीएम तक पहुंचा दी जाएगी।
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष वीकेश फौजदार ने बताया कि संगठन ने छात्र संघ चुनाव की बहाली को लेकर जिला कलेक्ट्रेट से लेकर मुख्यमंत्री जनसुनवाई केंद्र तक शांतिप्रिय तरीके से पैदल मार्च निकला लेकिन पुलिस ने यातायात चौराहे पर हमें को रोका तो उनके साथ धक्का-मुक्की हुई थी। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने छात्रों को आश्वासन दिया था कि हमारी सरकार आती है तो हम छात्र संघ चुनावों को बहाल करेंगे। यह बात उन्होंने अपने घोषणा पत्र में भी कही थी।
अब सरकार बनने के बाद भाजपा अपने वादे से मुकर रही है। हाल ही में राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने छात्र संघ चुनाव को लेकर के जो बयान दिया था, उससे लगता है कि भाजपा सरकार चुनाव कराने के मूड में नहीं है। हमने छात्र संघ चुनाव की बहाली को लेकर एसडीएम को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा है। अगर सरकार द्वारा इस मामले पर कोई एक्शन नहीं लिया गया तो एनएसयूआई प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन करेगी।