भरतपुर रेंज में पुलिस ने एक दिन के एरिया डोमिनेशन अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। इस अभियान में 566 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 1377 पुलिसकर्मियों की 308 टीमों के साथ एक संगठित योजना के तहत 1251 जगहों पर दबिश दी। आईजी राहुल प्रकाश के नेतृत्व में 24 से 25 अक्तूबर तक भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी और डीग जिलों में यह अभियान चलाया गया।
पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने इस अभियान के लिए हार्डकोर अपराधियों, हिस्ट्रीशीटर, आदतन अपराधियों और वांछित बदमाशों की सूची बनाई थी। अभियान के तहत इनमें से कई को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनमें महिला अत्याचार के मामलों में वांछित पांच अपराधी, 80 स्थाई वारंटी और वांछित अपराधी, 10 जघन्य अपराधों में लिप्त अपराधी और 64 सामान्य अपराधों में वांछित अपराधी शामिल हैं।
अवैध गतिविधियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों, हथियारों और शराब के कारोबार पर भी सख्त कार्रवाई की। अवैध मादक पदार्थों के मामले में एक एफआईआर दर्ज कर 10.90 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। अवैध हथियार रखने के मामले में पांच एफआईआर दर्ज कर सात आरोपियों को पकड़ा गया और उनसे एक बंदूक, 4 देसी कट्टे और 4 कारतूस बरामद किए गए। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ 23 एफआईआर दर्ज की गईं, जिसमें 18 शराब माफिया गिरफ्तार किए गए। इनके पास से 2,846 देसी शराब की बोतलें, 15 लीटर हथकड़ी शराब, और एक कार जब्त की गई।
विशेष अधिनियम और अवैध खनन के मामले
विशेष अधिनियम के तहत 54 एफआईआर दर्ज कर 86 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा अवैध खनन के मामले में पांच एफआईआर दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
आईजी राहुल प्रकाश का बयान
आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून और व्यवस्था को सुदृढ़ करना और आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना था। पुलिस का यह संगठित प्रयास दर्शाता है कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस हमेशा तत्पर है। इस एरिया डोमिनेशन अभियान के सफल संचालन से जनता में सुरक्षा का संदेश गया है और अपराधियों में पुलिस का खौफ स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।