पोस्टमार्टम हाउस के बाहर शोक में बैठे परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
भरतपुर जिले के रुदावल थाना इलाके में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। हादसे में 38 वर्षीय ड्राइवर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक राम लखन, उत्तर प्रदेश के तातपुर थाना क्षेत्र के सहागंज का निवासी था और पेशे से एक ट्रक ड्राइवर था। हादसा तब हुआ जब वह अपने ट्रक में LNT (लोडर) मशीन लादकर खनन क्षेत्र की ओर जा रहा था।
रुदावल के महलपुर चूरा इलाके में ट्रक के गुजरते वक्त अचानक LNT मशीन का ऊपरी हिस्सा 11 हजार KV बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। भारी वोल्टेज वाली इस लाइन से टकराते ही पूरे ट्रक में तेज करंट फैल गया। करंट लगते ही राम लखन के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने साहस दिखाते हुए सबसे पहले बिजली के तार को ट्रक से हटाया और घायल राम लखन को तुरंत अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। स्थानीय लोग राम लखन को तत्काल भरतपुर के आरबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर रुदावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा बिजली लाइन के नजदीक से मशीन को ले जाते समय सुरक्षा उपायों की कमी के कारण हुआ।