राजस्थान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर भरतपुर और डीग आएंगे। यहां 20 जुलाई को डीग जिले के पूछरी गांव में दोपहर को श्रीनाथ जी मंदिर परिसर पहुंचेंगे साथ ही स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेकर रात्रि विश्राम करेंगे। उसके बाद अगले दिन भरतपुर जिले के लुधावई गांव पहुंचेंगे। इसके बाद जयपुर रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दोपहर 1:45 बजे पूंछरी का लौठा पहुचेंगे और 1:55 पर श्रीनाथ जी मंदिर परिसर आएंगे। वे दोपहर 2 बजे से सायं 6 बजे तक स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे एवं रात्रि विश्राम पूंछरी का लौठा के गेस्टहाउस में करेंगे। 21 जुलाई, रविवार को मुख्यमंत्री शर्मा सुबह 8:30 बजे से 9:30 बजे तक स्थानीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और उसके बाद सुबह 9:40 बजे हेलीपैड पूंछरी का लौठा से प्रस्थान कर 9:50 पर भरतपुर के सेवर पहुचेंगे। यहां लुधावई गांव में पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेकर जयपुर रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर डीग जिला कलेक्टर श्रुति भारद्वाज ने अधिकारियों की बैठक ली। सभी तैयारी को अंतिम रूप दे दिया गया है।
गिर्राज जी में लगने वाले पारंपरिक मुड़िया पूर्णिमा मेले की शुरुआत 15 जुलाई से हो गई है, जो 22 जुलाई तक चलेगा। राजस्थान में पड़ने वाली परिक्रमा मार्ग में भव्य सजावट और रंगीन रोशनी की व्यवस्था की गई है, जिससे परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को राजस्थान का अलग ही नजारा दिखाई दे रहा है।
राजस्थान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान करीब 20 साल से प्याऊ और भंडारे का आयोजन करते आ रहे हैं। इस बार भी मुड़िया पूर्णिमा मेले में उनकी ओर से प्याऊ और भंडारे का आयोजन किया गया है।