भरतपुर जिले के नदबई थाना इलाके में पूर्व विधायक जोगिंदर अवाना के खिलाफ एक व्यक्ति ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है। व्यक्ति का कहना है कि पूर्व विधायक ने ट्रांसफर के नाम पर धोखाधड़ी कर 20 लाख रुपये हड़प लिए। जब व्यक्ति ने पूर्व विधायक से पैसे मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी।
कुंवर सिंह निवासी नदबई कस्बा ने FIR दर्ज करवाते हुए बताया कि जोगिंदर सिंह अवाना ने साल 2018 में नदबई विधानसभा से चुनाव लड़ा था, जिसके कारण कुंवर सिंह और जोगिंदर सिंह अवाना की मित्रता हो गई। चुनाव जीतने के बाद जोगिंदर सिंह अवाना ने कुंवर सिंह से कहा कि तृतीय श्रेणी टीचर के ट्रांसफर होने हैं। अगर तुम अपने क्षेत्र के लोगों के ट्रांसफर करवाना चाहते हो तो उन्हें पैसे लेकर बुला लो। कई टीचर ने ट्रांसफर के पैसे दिया, जो करीब 20 लाख थे। पैसे देने के बाद भी टीचरों का कोई ट्रांसफर नहीं हुआ। जब कुंवर सिंह ने पैसे वापस मांगे तो, वह पैसे देने के नाम उसे बहकाता रहा। बल्कि कुंवर सिंह को झांसे में लेकर उससे 15 लाख रुपये अलग ले लिए।
इतना ही नहीं एक जमीन भी हड़प ली, जिसका रिकॉर्ड कुंवर सिंह के पास है। 2023 में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान जोगिंदर सिंह अवाना ने कुंवर सिंह को बुलाया। इस दौरान जोगिंदर सिंह अवाना ने कुंवर सिंह को धमकी दी कि तुझे पैसा नहीं देंगे और ज्यादा नाटक किया तो तुझे जान से मार देंगे। अभी तक कुंवर सिंह को पूर्व विधायक जोगिंदर सिंह अवाना ने पैसे नहीं लौटाए हैं।