भरतपुर में मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस प्रशासन, परिवहन विभाग एवं खनिज विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सारस चौराहे से कुछ आगे कार्रवाई करते हुए अवैध खनन के भंडारण एवं अवैध खनन से भरे हुए ट्रैक्टर टॉली को जब्त किया है। वहीं मौके पर पुलिस ने चार लोगों को डिटेन किया है। फिलहाल पुलिस अनुसंधान में जुटी हुई है। भरतपुर जिले में अवैध खनन के खिलाफ 15 दिन तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। अवैध खनन भंडारण एवं अवैध खनन से भरे हुए ट्रैक्टर ट्रॉली की सूचना पर पुलिस प्रशासन, परिवहन विभाग और खनिज विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहां काफी बडे़ हिस्से में अवैध खनन का भंडारण पाया गया। वहीं मौके पर अवैध खनन से भरे हुए ट्रैक्टर टॉली भी मिले। जिस पर कार्रवाई करते हुए अवैध खनन के भंडारण एवं अवैध खनन से भरे हुए ट्रैक्टर टॉली और एक लोडर वाहन को जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान काफी संख्या में पुलिस का जाप्ता मौके पर मौजूद रहा। तीनों विभाग की दबिश के दौरान ट्रैक्टर ट्राली को छोड़कर चालक मौके से फरार हो गए। वहीं चार लोगों को पुलिस ने डिटेन किया है। फिलहाल पुलिस मामले के अनुसंधान में जुटी हुई है। खनिज विभाग के अभियंता रामनिवास मंडल ने बताया कि 10 ट्रैक्टर ट्राली को जब्त किया है। इसके अलावा अवैध रूप से खनिज का भंडारण करने को लेकर पुलिस में मामला भी दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से भंडारण करने अवैध खनन करने पर 10 गुना पेनल्टी भी वसूल की जाएगी। उन्होंने कहा कि गति दिनों मुख्यमंत्री ने बीसी के जरिए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया था और जिला कलेक्टर और संभागीय आयुक्त ने अवैध खनन को लेकर मीटिंग भी ली थी। जिसके चलते अब भरतपुर जिले में 15 दिनों तक अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अजमेर में 14 एक्सकेवेटर, ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर जब्त, 12 लाख जुर्माना भी वसूला
अजमेर खनिज अभियन्ता जयप्रकाश गोदारा की देखरेख में अवैध खनन एवं निर्गमन भण्डारण के विरूद्ध चलाए जा रहे राज्यव्यापी सघन अभियान सोमवार 15 जनवरी से 31 जनवरी तक जारी रहेगा। राज्यव्यापी सघन अभियान में जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित के निर्देशानुसार सोमवार 15 जनवरी को जिले में अवैध खनन, निर्गमन भण्डारण की चेकिंग के दौरान टीमों ने अलसुबह अवैध खनन के संवेदनशील क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। जिले में अलग-अलग स्थानों डूमाड़ा, नारेली, भांवता, अजमेर शहरी क्षेत्रा, मांगलियावास, रूपनगढ़, किशनगढ़, नसीराबाद एवं श्रीनगर इत्यादि स्थानों पर कार्यवाही में 14 वाहन (एक्सकेवेटर, ट्रेक्टर-ट्रॉली एवं डम्पर) के द्वारा खनिज बजरी, मैसेनरी स्टोन, साधारण मिट्टी, स्टोन गिट्टी की अवैध खनन, निर्गमन में लिप्त पाए जाने पर जब्त कर पुलिस थानों को सुपुर्द किए गए हैं। वाहन चालकों एवं मालिकों जुर्माना राशि लगभग 12 लाख रुपये आरोपित की गई है।
3 वाहनों से तीन लाख से अधिक की जुर्माना राशि वसूल
हनुमानगढ़ जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले में अवैध खनन, निर्गमन, भण्डारण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हेतु जिले में खान विभाग, राजस्व, वन, परिवहन एवं पुलिस विभाग को सम्मलित करते हुए चार दलों का गठन किया गया है। सहायक खनिज अधिकारी एस सी अग्रवाल ने बताया कि टीमों द्वारा 15 जनवरी को अलग-अलग स्थानों पर सघन चेकिंग की गई। जिसमें रावतसर क्षेत्र में खनिज मैशनरी स्टोन का एक वाहन टी.पी. में अंकित मात्रा से अधिक खनिज 41.01 टन परिवहन करते हुए मिला। पुलिस थाना, रावतसर में वाहन को खड़ा किया जाकर मौके पर शास्ती राशि 1,14,354 वसूल की गई तथा पल्लू क्षेत्र में खनिज मैशनरी स्टोन के 2 वाहन टी.पी. में अंकित मात्रा से अधिक खनिज 16.50 व 16.90 टन परिवहन करते हुए मिले, जिन्हें पुलिस थाना, पल्लू में खड़ा किया जाकर मौके पर शास्ती राशि 1,05,863 व 1,05,915 वसूल की गई। इस प्रकार पहले दिन की कार्यवाही में 3 वाहनों से शास्ती राशि 3,26,132 वसूल की गई। जिले में अवैध खनन, निर्गमन, भण्डारण के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।