ब्यावर जिले में गत माह 10 मई को अजमेर रोड पर स्थित इंडसइंड बैंक तथा नामदेव फाइनेंस में हुई चोरी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सिटी थाना पुलिस ने सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही से चोरी का माल भी बरामद कर लिया है। पुलिस पकड़े गए चोरों से गहनता से पूछताछ करने में जुटी हुई है। पुलिस को शहर में हुई अन्य चोरियों का भी खुलासा होने की संभावना है।
सहायक पुलिस उपाधीक्षक राजेश कसाना ने प्रकरण का खुलासा करते हुए बताया कि गत 11 मई को इंडसइंड बैंक व नामदेव फाइनेंस कंपनी के प्रतिनिधियों ने सिटी थाने में एक लिखित शिकायत देकर बताया कि दस मई की रात्रि में तीन अज्ञात चोरों द्वारा इंडसइंड बैंक तथा नामदेव फाइनेंस कम्पनी में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बैंक और फाइनेंस में हुई चोरी की वारदात को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
ब्यावर में हो रही लगातार चोरियों को रोकथाम के लिए पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह चौधरी के मार्गदर्शन से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ के निर्देशन में अज्ञात चोरों को पकड़ने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। इस संबंध में अनुसंधान टीम ने घटना स्थल के आसपास के अलग अलग रूटों के करीब 100 सीसीटीवी कैमरे खंगाले और आसपास की जगहों पर गहनता के साथ तलाश की गई।
मुखबिरों से मिली सूचना पर पुलिस ने तीन आरोपियों मनोहर, भगवान तथा मोहन को दस्तयाब कर कड़ाई से पूछताछ की जिस पर उन्होंने बैंक तथा फाइनेंस कंपनी में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही से चोरी का माल बरामद किया है। पुलिस को आरोपियों से शहर में हुई अन्य चोरियों का खुलासा होने की संभावना है, इसी को लेकर आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है।