राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने वाहन पर तैनात एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल (ATGM) प्रणाली ‘भगीरा AT1’ का सफल परीक्षण किया है। कंपनी ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। 20 नवंबर को आयोजित प्रदर्शन के दौरान चार मिसाइलों का परीक्षण किया गया। इसमें भारतीय सेना, सैन्य मामलों के विभाग और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कंपनी के अनुसार, इस मिसाइल प्रणाली को 18 महीने के डिजाइन और विकास के बाद तैयार किया गया है। इसे भारतीय परिस्थितियों, मौसम और सैन्य जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। यह एक संपूर्ण युद्ध प्रणाली है, जिसमें मिसाइलों के साथ स्वचालित लॉन्चर, दिन और रात में लक्ष्य पहचानने वाले उपकरण तथा अदाणी डिफेंस का विकसित 4x4 बख्तरबंद वाहन शामिल है।
8 किलोमीटर तक लक्ष्य भेदने की क्षमता
‘भगीरा AT1’ की सबसे बड़ी खासियत इसकी 8 किलोमीटर तक लक्ष्य भेदने की क्षमता है। कंपनी का दावा है कि यह जमीन से दागी जाने वाली एंटी टैंक मिसाइलों की करीब 4 किलोमीटर की प्रभावी मारक दूरी से लगभग दोगुनी है। एक वाहन में चार मिसाइलें लॉन्चर पर तैनात रहती हैं, जबकि आठ अतिरिक्त मिसाइलें वाहन में रखी जा सकती हैं। इस तरह एक वाहन में कुल 12 मिसाइलों की क्षमता है।
यह मिसाइल रेडियो लिंक के बजाय लेजर बीम के जरिए लक्ष्य तक पहुंचती है। इससे युद्ध के दौरान इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग के जरिए इसे रोकना मुश्किल हो जाता है। आधुनिक युद्ध में ड्रोन और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर की बढ़ती भूमिका के बीच इसे प्रणाली की अहम क्षमता माना जा रहा है।
पढे़ं: इंस्टाग्राम रील देखकर ब्यूटी प्रोडक्ट खरीदने चली युवती, वीडियो कॉल पर सामान दिखाकर ठग ने ऐंठे रुपये
एक ही लक्ष्य पर दाग सकती है दो मिसाइलें
इस प्रणाली में एक लेजर बीम की मदद से एक ही लक्ष्य पर तेजी से दो मिसाइलें दागी जा सकती हैं। पहली मिसाइल टैंक के एक्टिव प्रोटेक्शन सिस्टम (APS) को निशाना बनाती है, जबकि दूसरी मिसाइल उसके रक्षा कवच को भेदने के लिए तैयार की गई है। यह प्रणाली लंबी दूरी पर हवाई लक्ष्यों को भी निशाना बनाने में सक्षम बताई गई है। इसकी मदद से सैनिक सुरक्षित स्थान से मिसाइल दागकर तेजी से अपनी स्थिति बदल सकते हैं। इससे दुश्मन की जवाबी कार्रवाई और गोलाबारी का खतरा कम किया जा सकता है।
सेना के पास पहले से कौन-सी एंटी टैंक मिसाइलें?
कंपनी के मुताबिक, भारतीय सेना के पास फिलहाल दूसरी पीढ़ी की ‘मिलान-2टी’ और ‘कॉन्कर्स-एम’ मिसाइलों का बड़ा भंडार है। तत्काल परिचालन जरूरतों को पूरा करने के लिए ‘स्पाइक’ मिसाइलें भी शामिल की गई हैं। भारत ‘जेवलिन’ प्रणाली की खरीद की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है।
हाल के सैन्य संघर्षों में बख्तरबंद वाहनों के मुकाबले के दौरान मिसाइलों की मारक क्षमता और तेजी से स्थान बदलने की क्षमता का महत्व सामने आया है। ऐसे में ‘भगीरा AT1’ सेना को लंबी दूरी तक जमीन से हमला करने की एक अतिरिक्त मोबाइल क्षमता उपलब्ध करा सकती है।
रक्षा उत्पादन में निजी क्षेत्र की बढ़ती भूमिका
वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का रक्षा उत्पादन रिकॉर्ड 1.78 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इसमें निजी क्षेत्र की हिस्सेदारी पिछले साल के 22 प्रतिशत से बढ़कर 24 प्रतिशत हो गई, जो करीब 42 हजार करोड़ रुपये है। वहीं, रक्षा निर्यात भी रिकॉर्ड 38,424 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। ‘भगीरा AT1’ को भारतीय निजी क्षेत्र की ओर से आधुनिक रक्षा प्रणालियों के विकास, निर्माण और एकीकरण की दिशा में बढ़ते योगदान के उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है।