बाड़मेर जिले के नागाणा थाना इलाके में एक अधेड़ महिला ने फांसी के फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। महिला ने खेत में रोहिड़े के पेड़ से फंदा लगाकर अपनी इहलीला समाप्त की है। जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची शव को कब्ज़े में लेकर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस ने महिला के पीहर पक्ष को सूचना दे दी है। घटना बाड़मेर जिले के नागाणा थाना इलाके थोरियों का तालर गांव की है। हालांकि, परिजनों ने अभी तक इस मामले को लेकर कोई रिपोर्ट नहीं दी है। ऐसे में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पेड़ से लटकता देख पड़ोसी लाए अस्पताल...
पुलिस के अनुसार, थोरिया का तालर निवासी पेपो पत्नी मूलाराम जाट शनिवार को सुबह घर से कुछ ही दूरी पर खेत में रोहिड़े के पेड़ से फांसी का फंदा लगाकर लटक रही थी। महिला को लटकता देख आसपास के ग्रामीण भागे। महिला को आनन-फानन में पेड़ से नीचे उतारकर राजकीय अस्पताल लेकर आए। जहां पर चिकित्सकों ने विवाहिता को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया। वहीं, पीहर पक्ष को सूचना दी। इनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ...
नागाणा पुलिस थाने के उपनिरीक्षक बिंजराज सिंह के मुताबिक, विवाहिता के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पीहर पक्ष के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।