पंपलेट और इश्तिहार चिपकाने वालों की अब खैर नहीं
- फोटो : अमर उजाला
बाड़मेर शहर में सार्वजनिक संपत्तियों पर पंपलेट और इश्तिहार चिपकाने वालों की अब खैर नहीं है। नगर परिषद बाड़मेर ने सार्वजनिक संपत्तियों पर पंपलेट और इश्तिहार चिपकाने वाली दो संस्थानों के खिलाफ बाड़मेर पुलिस थाना कोतवाली में मामला दर्ज करवाया है।
बाड़मेर शहर भर में संचालित हो रहे कोचिंग डिफेंस एकेडमी और छात्रावास सहित कई संस्थानों के इश्तिहार जगह-जगह लगे हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके चलते शहर के सुंदरीकरण पर भी असर पड़ रहा है। इसी को देखते हुए नगर परिषद बाड़मेर के आयुक्त योगेश आचार्य ने राजस्थान संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम के तहत बाड़मेर शहर के जिला अस्पताल के आगे स्थित सूर्य नमस्कार योग आसन की मूर्तियों के फाउंडेशन पर लगे तनोट डिफेंस एकेडमी और तनोट डिफेंस छात्रावास नेहरू नगर बाड़मेर के खिलाफ पुलिस थाना कोतवाली में मामला दर्ज करवाकर कार्रवाई की मांग की है।
जारी रहेगी इस तरह की कार्रवाई...
नगर परिषद आयुक्त योगेश आचार्य के अनुसार, इस तरह की संस्था ने अपने प्रचार-प्रसार के लिए सरकारी संपत्तियों पर इश्तियार चिपका रहे हैं, जिससे शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है। पूर्व में इन संस्थानों से समझाइश भी की गई थी, लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद अब नगर परिषद ने दो संस्थानों के खिलाफ पुलिस थाना कोतवाली में मामला दर्ज करवाया है।