राजस्थान के बाड़मेर जिले में 15 साल की नाबालिग के साथ रेप
- फोटो : सोशल मीडिया
राजस्थान के बाड़मेर के एक गांव में 15 साल की नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की घटना हुई है। इस वारदात से स्थानीय लोगों में काफी रोष है। देर रात आरोपी घर में सो रही बच्ची को उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर ले गए। बच्ची को खेत में ले जाकर चार लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। जब बच्ची ने विरोध किया तो आरेपियों ने उसका गला रेत डाला।
मुंह में कपड़ा ठूंसकर किया अपहरण
बालिका के पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। उसकी मां की भी मानसिक हालत ठीक नहीं रहती है। आरोपियों ने इसी बात का फायदा उठाया। नाबालिग अपनी मां के पास ही सो रही थी। इस बीच देर रात बदमाश आए और उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर बच्ची का अपहरण कर लिया।
हिरासत में खेत का मालिक
दरिंदे उसे खेत में ले गए, जहां उन्होंने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने खेत मालिक गोपाल सिंह को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ जारी है। इसके अलावा बाकि के आरोपियों की तलाश भी हो रही है। इस वारदात की खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई। इसके बाद लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन और हंगामा किया।
गांव वालों में रोष
पुलिस द्वारा बच्ची का शव शिव अस्पताल मोर्चरी में रखने के दौरान गांव वालों का आक्रोश बढ़ गया। इस दौरान सैकड़ों लोगों की भीड़ शिव अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गई। गांव वालों ने बाड़मेर-जैसलमेर हाइवे को भी जाम कर दिया। पुलिस और जन प्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद इस जाम खुलवाया जा सका। मृतका के चाचा ने शिव थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
तीन आरोपी फरार
फिलहाल पुलिस ने खेत के मालिक गोपाल को हिरासत में ले लिया है बाकी तीनों आरोपी फरार है, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। बता दें, सरकार ने सीएम रिलीफ फंड से दो लाख रुपये की राशि पीड़ित परिवार के लिए जारी कर दी है।