बारां के सरकारी कार्यालयों में कार्यसंस्कृति सुधारने और अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर भंवरलाल जनागल ने मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में हड़कंप मच गया, जब एक साथ 16 कार्मिक ड्यूटी समय पर अनुपस्थित पाए गए।
एडीएम जनागल ने निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका की गहनता से जांच की। निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित नहीं रहने वाले सभी 16 कार्मिकों को गंभीर लापरवाही का दोषी मानते हुए तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजकीय कार्यों में लापरवाही और समय की पाबंदी में कोताही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Rajasthan Assembly: मनरेगा पर आर-पार की लड़ाई, गैंती-फावड़े लेकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेसी MLA; क्या होगा असर?
अन्नपूर्णा रसोई और आश्रय स्थल का भी किया निरीक्षण
कार्यालय निरीक्षण के बाद एडीएम ने नगर परिषद परिसर का भी जायजा लिया। उन्होंने अन्नपूर्णा रसोई एवं आश्रय स्थल का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई व्यवस्था की जांच की। परिसर में गंदगी पाए जाने पर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के कड़े निर्देश दिए।
एडीएम ने निर्देश दिए कि अन्नपूर्णा रसोई और आश्रय स्थल पर शिकायत पुस्तिका अनिवार्य रूप से रखी जाए, ताकि आमजन अपनी शिकायतें और सुझाव दर्ज कर सकें। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद आयुक्त भुवनेश मीणा तथा सहायक अभियंता मान सिंह मीणा भी उपस्थित रहे। एडीएम जनागल ने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से स्वयं निरीक्षण और मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को समय पर बेहतर सुविधाएं और राहत उपलब्ध कराई जा सके।
निरीक्षण करते हुए अधिकारी।