बारां जिले के कवाई थाना क्षेत्र के सोनी-दिलोद गांव में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब पीने की लत से उपजे विवाद में एक पति ने अपनी ही पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
टापरी बनाकर रह रहा था आरोपी
थानाप्रभारी राजपाल सिंह तंवर ने बताया कि बापचा थाना क्षेत्र के गेहूंखेड़ी निवासी दयाचंद सहरिया अपनी पत्नी विमला बाई के साथ पिछले डेढ़ महीने से सोनी-दिलोद गांव में टापरी बनाकर रह रहा था। दोनों यहां मजदूरी का कार्य करते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दयाचंद का शराब पीने की बात को लेकर पत्नी विमला से विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तैश में आकर दयाचंद ने पास रखी कुल्हाड़ी से विमला के सिर पर जोरदार वार कर दिया।
मृतका के तीन बेटियां और दो बेटे हैं
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लहूलुहान हालत में विमला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के तीन बेटियां और दो बेटे हैं। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित घेराबंदी में लिया और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।
ये भी पढ़ें:
फर्जी बिलों से लाखों का गबन, विद्यापीठ के सस्पेंड प्रोफेसर गिरफ्तार
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। कवाई सीएचसी की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी पति दयाचंद की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।