सड़क हादसे में दो युवकों की मौत
- फोटो : Amar Ujala
राजस्थान के डूंगरपुर शहर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर एक परिचित के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान शास्त्री कॉलोनी रोड पर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
टक्कर के बाद बस का पहिया सिर के ऊपर से गुजरा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बस स्टैंड से तहसील चौराहा मार्ग पर हुआ। तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इससे पहले कि वे संभल पाते, बस का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोटों के कारण दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे दोनों युवक
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान खेरवाड़ा निवासी नरेश और सलूंबर निवासी गोपाल के रूप में हुई है। उप निरीक्षक भरतलाल ने बताया कि दोनों युवक नरेश के चाचा के निधन के बाद इंद्रखेत गांव अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद दोनों के शव जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी पहुंचाए गए, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
ये भी पढ़ें-
Nitish Kumar Health : नीतीश कुमार NDA बैठक से पहले बीमार! क्या हुआ, बैठक में जाएंगे या नहीं?
बस चालक फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। दुर्घटना के कारण बस स्टैंड से तहसील चौराहा मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट कर आवागमन सामान्य कराया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार रोडवेज बस चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।