डूंगरपुर जिले की रामसागड़ा थाना पुलिस ने नकली भारतीय मुद्रा बनाने और उसकी सप्लाई करने के मामले में एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 लाख 95 हजार 500 रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 29 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि माड़ा स्कूल ग्राउंड में दो-तीन युवक भारतीय नकली मुद्रा लेकर खड़े हैं और उसका लेन-देन कर रहे हैं। सूचना पर रामसागड़ा थानाधिकारी कैलाश पांचारिया पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम को मौके पर एक कार और स्कूटी खड़ी दिखाई दी। पुलिस ने घेराबंदी कर कार की तलाशी ली।
एक युवक फरार
कार से बरामद हुए 4.95 लाख रुपये के नकली नोट
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट पर एक खुले गत्ते के बॉक्स में अखबार में लिपटी नकली नोटों की गड्डियां मिलीं। बरामद नकली नोटों में 500 रुपये के नोटों की चार गड्डियां थीं, जिनमें 800 नोट थे। इसके अलावा 191 खुले नोट भी बरामद हुए। इस प्रकार कुल 4,95,500 रुपये के 991 नकली नोट बरामद किए गए। पुलिस ने नकली मुद्रा जब्त कर ली। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन तथा नकली नोटों की सप्लाई में प्रयुक्त कार और स्कूटी भी जब्त की गई है।
बड़े शहरों में खपाने की थी योजना
नकली नोट बनाने का सामान बरामद
आरोपियों द्वारा किराए का कमरा लेकर नकली नोट तैयार किए जा रहे थे। उनकी निशानदेही पर नकली नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की गई। इसमें कागज, नोट गिनने की मशीन, नकली नोट छापने का प्रिंटर, लेमिनेशन मशीन तथा अन्य सामग्री शामिल है। पुलिस ने आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण में नकली भारतीय मुद्रा के निर्माण, परिवहन और वितरण में शामिल अन्य लोगों की भूमिका के संबंध में विस्तृत अनुसंधान जारी है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश भी कर रही है।
रामसागडा थाना पुलिस की ओर से गिरफ्तार आरोपी एवं बरामद सामग्री।