चूरू शहर में एक दुकान में घुसकर लोहे के पाइप से दुकानदार पर हमला करने का मामला सामने आया है। दुकानदार ने दो लोगों के खिलाफ जान से मारने की कोशिश करने का मामला दर्ज कराया है।
एएसआई वीरेन्द्र सिंह खोटिया ने बताया कि वार्ड 23 निवासी प्रदीप शर्मा (42) ने रिपोर्ट दी कि आलोक सिनेमा के पास बालाजी ट्रेडिंग कंपनी नाम से उसकी दुकान है। रविवार को वह दिन में दुकान पर बैठा था। तभी पंकज सैनी और शशि शर्मा आए और दुकान में घुसकर लोहे के पाइप से मेरे ऊपर हमला कर दिया। दोनों ने मुझे जान से मारने की कोशिश की। दोनों आरोपियों ने दुकान के बाहर निकालकर भी मेरे साथ मारपीट की।
इस दौरान दुकान के पास लोगों की भीड़ जमा हो गई। पीड़ित ने बताया कि पड़ोस के दुकानदारों ने बीच-बचाव कर मुझे छुड़ाया। दोनों व्यक्ति ने मेरे गले से सोने की चेन भी तोड़ दी। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने पीड़ित दुकानदार का राजकीय डीबी अस्पताल में मेडिकल मुआयना करवाया है। वहीं इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति लोहे का सरिया लेकर दुकान के बाहर हमला करने की कोशिश कर रहा है।