बठिंडा की तरफ जा रहे हॉट एयर बैलून की गैस खत्म हुई।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के श्रीगंगानगर में रविवार दोपहर आर्मी के हॉट एयर बैलून की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। जिसमे सेना के जवान मौजूद थे। यह बैलून पंजाब के बठिंडा की ओर जा रहा था। आसमान में ही अचानक इसकी गैस खत्म हो गई और यह गिरने लगा। तभी सादुलशहर के मन्नीवाली गांव में 41 पीटीपी के पास इसकी इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी।
मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़, आर्मी ने किया टेकओवर
इस दौरान मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सादुलशहर गांव के मन्नीवाली से आर्मी के जवानों ने इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना आर्मी के उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई। तो कुछ ही देर में वहां सेना की टोली पहुंच गई। 41 पीटीपी के पास सुरक्षित जगह देखकर खेत में बैलून को लैंड करवाया गया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से बैलून को एक ट्रक पर लादकर बठिंडा रवाना कर दिया गया। मौके पर पहुंचे सैन्य अधिकारियों ने पैराशूट को टेकओवर किया।
सरहदी जिले में लोगों को हो गया था कुछ शक
इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान जैसी ही यह आर्मी बैलून उतरा तो गांव में कौतूहल का विषय बन गया। लोगों को यह भी शक था कि कहीं पाकिस्तानी हॉट एयर बैलून तो नहीं उतर आया, लेकिन जब भारतीय सैनिकों को देखा तो उन्होंने राहत की सांस ली। स्थानीय लोग भी राहत और बचाव काम में जुट गए। ग्रामीणों ने बैलून को उठाकर ट्रक में लोड करवाने तक सभी तरह की मदद की। ग्रामीणों की ओर से खींचे गए फोटो-वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं।