दौसा में उद्यान विभाग की योजनाओं पर सब्सिडी के लिए 15 मई तक राज किसान साथी पोर्टल पर किसानों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
2023-24 में उद्यानिकी गतिविधियों के लिए सरकार किसानों को सब्सिडी देगी। उद्यान विभाग द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों से आवेदन मांगे हैं। उद्यानिकी गतिविधियों, ग्रीन हाउस, पॉलीहाउस, शेडनेट हाउस, प्लास्टिक मल्च, लो टनल, कम लागत प्याज भंडारण, पैक हाउस, सामुदायिक जल स्त्रोत के लिए 15 मई 2023 तक इच्छुक और पात्र किसान नजदीकी ई-मित्र केंद्र पर जाकर राज किसान साथी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
टारगेट से डेढ़ गुना आवेदन मिले तो लॉटरी से होगा किसानों का सलेक्शन
उपनिदेशक उद्यान दौसा जेपी मीना ने बताया कि 15 मई 2023 तक प्राप्त आवेदन मांगे गए हैं। जिले को आवंटित फिजिकल टारगेट से डेढ़ गुना से अधिक आवेदन मिलने पर पात्र किसानों का सलेक्शन लॉटरी से होगा। कृषि अधिकारी अशोक कुमार मीना ने बताया की कृषि और उद्यान विभाग की योजनाओं से जिले के अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित करने के लिए कृषि विभाग के अधिकारी फील्ड विज़िट कर किसानों को योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। जिले के सभी सहायक कृषि अधिकारियों और कृषि पर्यवेक्षकों को कृषि और उद्यान विभाग की योजनाओं का प्रचार प्रसार करने को कहा गया है। 15 मई 2023 तक अधिक से अधिक किसान ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।