जानकारी के अनुसार, क्रूज में करीब 35 से 40 लोग सवार थे। हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल ने 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
सीएसपी अंजुल अयंक मिश्रा के मुताबिक, अब तक 5 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी पहचान के प्रयास जारी हैं। वहीं लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि शाम करीब 6 बजे अचानक मौसम में बदलाव हुआ और तेज आंधी-तूफान के चलते हवाओं की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई। इसी दौरान क्रूज अनियंत्रित होकर पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था।