भरतपुर में अमित शाह ने कांग्रेस पर बोला हमला।
- फोटो : अमर उजाला
गहलोत और पायलट विवाद पर तंज, सरकार बनाने का दावा
अमित शाह ने कहा- अशोक गहलोत कुर्सी छोड़ना नहीं चाहते और सचिन पायलट मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। लेकिन सरकार तो भाजपा की बनने वाली है, पायलट जी आपका नंबर नहीं आने वाला। आपका कंट्रीब्यूशन कांग्रेस में गहलोत से ज्यादा हो सकता है, लेकिन कांग्रेस के खजाने में गहलोत जी का कंट्रीब्यूशन आपसे अधिक है। इस सरकार ने राजस्थान को लूटने का काम किया है। गहलोत सरकार राजस्थान में आजादी के बाद सबसे भ्रष्ट सरकार में से एक है। गहलोत जी कान खोलकर सुन लें। 2024 के चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत से राजस्थान में लोकसभा की सीटें जीतेगी और प्रचंड बहुमत के साथ 25 की 25 सीटें जीतेगी।
प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर हमला
अमित शाह ने कहा अलवर के थानागाजी में पति के सामने पत्नी के साथ बलात्कार किया गया। दौसा में आदिवासी महिला का गैंगरेप किया गया। बालोतरा में बुजुर्ग महिला के कड़े काट कर निकाल लिए, लेकिन गहलोत सरकार के सिर पर जूं नहीं रेंग रही है। राजस्थान सरकार 3D पर चलती है। दंगा का D, महिलाओं से दुर्व्यवहार का D और दलितों पर अत्याचार का D, ये 3D सरकार है। राजस्थान के विभिन्न शहरों में दंगे होते हैं, लेकिन गहलोत सरकार कोई कार्रवाई नहीं करती।
बूथ सम्मेलन को संबोधित करते अमित शाह।
- फोटो : अमर उजाला
बम ब्लास्ट के आरोपियों की रिहाई और हिंदुत्व का मु्द्दा
जयपुर सीरियल बम ब्लास्ट को लेकर भी अमित शाह ने गहलोत सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजस्थान और गुजरात में बम ब्लास्ट हुए थे। तब की वसुंधरा सरकार ने आरोपियों को पकड़कर जेल डाला। फांसी की सजा हुई, लेकिन गहलोत सरकार हाईकोर्ट में सही से दलीलें नहीं रख पाई, इसलिए सारे आरोपी छूट गए। गहलोत सरकार को शर्म करनी चाहिए। बम ब्लास्ट में मारे गए व्यक्तियों पर भी वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं। गहलोत सरकार के जाने का समय निश्चित हो गया है। यह सरकार जनता के मन से उसी दिन निकल गई जब रामनवमी की शोभायात्रा पर रोक और भगवा झंडे लगाने पर प्रतिबंध लगाया गया। गहलोत जी राजस्थान की जनता यह स्वीकार नहीं करेगी, आपकी तुष्टिकरण की राजनीति का चप्पे-चप्पे पर वोट देकर जनता जवाब देगी।
कार्यकर्ताओं से अपील- गहलोत को ट्रेलर दिखा दो
अमित शाह ने बूथ सम्मेलन में कार्यकर्ताओं से पूछा- अमित शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं से पूछा कि मोदी जी को फिर से प्रधानमंत्री बनाना है या नहीं बनाना है? तो आवाज ' हां ' में आई। शाह ने कहा अगर, मोदी जी को फिर से प्रधानमंत्री बनाना है तो 2024 से पहले एक ट्रेलर आ रहा है 2023 के विधानसभा चुनाव का। गहलोत को ये ट्रेलर दिखा दो, अपने आप 2024 में 25 में से 25 सीटें आ जाएंगी।