अलवर कोतवाली थाना पुलिस ने क्रेन की मदद से कार चोरी करने की अनोखी वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बाकायदा क्रेन बुलाकर कार को उठावाया, ताकि किसी को शक न हो और वाहन आसानी से गायब किया जा सके। मामले की जानकारी एडिशनल एसपी शरणम कांबले ने दी।
एडिशनल एसपी के अनुसार चोरी में शामिल आरोपी ईशान सैन और गौरव शर्मा को पुलिस ने दबोच लिया है। इनमें से एक आरोपी दिल्ली दरवाजा क्षेत्र का निवासी है, जबकि दूसरा पहाड़गंज का रहने वाला है। दोनों ने योजनाबद्ध तरीके से क्रेन मंगवाई और दिनदहाड़े कार उठाकर ले गए। आरोपियों की इस चालाकी के कारण मौके पर मौजूद राहगीर भी अंदाजा नहीं लगा पाए की कार चोरी की जा रही है।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: BJP की हार पर कांग्रेस प्रभारी अशोक चांदना का बड़ा खुलासा- राजे को मात देने के लिए हुआ भीतरघात
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर दोनों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस गैंग में और लोग शामिल हैं या इससे पहले भी इसी तरीके से अन्य वारदातों को अंजाम दिया गया है। पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई गई है।
कोतवाली थाना पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में बड़ी सफलता मिली है।