अलवर शहर की शिवाजी पार्क थाना पुलिस ने 85 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को फर्जी नाम और पहचान से पेश करते हुए एक परिवार को मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने का झांसा दिया और लाखों रुपये हड़प लिए। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से अलग-अलग राज्यों में फर्जीवाड़ा कर करोड़ों रुपये की ठगी कर रहा था।
मेडिकल एडमिशन के नाम पर दिया झांसा
एडिशनल एसपी शरणं कांबले ने बताया कि 8 दिसंबर 2021 को पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि विवेक कुमार नाम के व्यक्ति ने खुद को विनोद सिंह बताकर उसके पुत्र को नीट परीक्षा में पास करवाने और सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज, जयपुर में दाखिला दिलाने का भरोसा दिया। विश्वास में लेकर आरोपी ने 85 लाख रुपये ठग लिए।
पुलिस ने वाराणसी से किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना शिवाजी पार्क में मुकदमा नंबर 319/2021 धारा 420, 406 आईपीसी और 66(डी) आईटी एक्ट के तहत दर्ज किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शरण कांबले और वृत्ताधिकारी अंगद शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी विनोद सामरिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी सहायता और खुफिया जानकारी के आधार पर टीम ने बिहार के सीवान निवासी तथा वाराणसी में किरायेदार के रूप में रह रहे आरोपी विवेक कुमार उर्फ विनीत जोशी उर्फ राहुल राज उर्फ राहुल गुप्ता (32) को गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें- Jodhpur: रहस्यमयी धमाके से दहला इलाका... खिड़कियां तक हिल गईं, लोग घरों से निकले बाहर; गहलोत ने क्या बताया?
आरोपी से बरामद हुए लैपटॉप और फर्जी दस्तावेज
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप और फर्जी आधार कार्ड बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न राज्यों में मेडिकल और प्रोफेशनल कॉलेजों में एडमिशन दिलाने के नाम पर ठगी करता था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी विनोद सामरिया, हेड कांस्टेबल रामनिवास, कांस्टेबल अब्बास खान, रिकू और लोकेश कुमार (साइक्लोन सेल) की भूमिका महत्वपूर्ण रही। पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ ठोस सबूत जुटाने के लिए आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- Politics: 'वसुंधरा सक्षम नेता, पता नहीं क्यों घर बैठा दिया'; गहलोत ने CM भजनलाल की स्थिति को लेकर जताई चिंता