वाटर सप्लायर्स, पूरणमल यादव और मंत्री टीकाराम जूली
- फोटो : सोशल मीडिया
मंत्री टीकाराम जूली पर एक आरओ वॉटर सप्लाई करने वाले मलिक ने तीन लाख 30 हजार रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। साथ ही लगातार चार साल तक आरओ के पानी का कैंपर इस धमकी के आधार पर मंगवाते रहे कि अगर तूने पानी सप्लाई नहीं किया तो तेरा आरओ प्लांट बंद कर दिया जाएगा।
इस संबंध में शनिवार को आरओ प्लांट के मालिक पूरणमल यादव ने बताया कि उसका जय अंबे आरओ वॉटर के नाम से प्लांट है। उसके द्वारा 2019 में मोती डूंगरी स्थित कार्यालय पर पानी सप्लाई किया जा रहा था। एक महीना होने पर जब उनसे पैसा मांगा तो उन्होंने कहा कि साल भर का हिसाब एक साथ कर देंगे, जिसके बिल वाउचर भी मेरे पास हैं। उसके बाद लगातार पैसे की मांग करता रहा, लेकिन उन्होंने कोई पैसा नहीं दिया।
पिछले दिनों मैंने उनसे कहा कि मेरे बच्चे की तबीयत खराब है, मुझे पैसों की जरूरत है। तब उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया और कहा कि तेरी इच्छा है जो कर ले, अब तुझे पैसे नहीं मिलेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री के आदमी मेरे गांव में बालेटा गांव गए और मेरे पिताजी को धमकी दी की तेरे छोरे को मना ले नहीं तो उसका काफी नुकसान होगा। इस संबंध में मैंने अपने पिताजी से भी बात की है। तीन-चार दिन पहले मैंने मंत्री टीकाराम जूली को भी पैसे के लिए फोन किया था तो उन्होंने भी कहा कि पैसे के लिए फोन किया होगा। मुकेश से बात कर ले जब मुकेश के पास गया तो उन्होंने कहा कि पानी का भी कोई पैसा लेता है क्या। रोजाना 10 कैंपर उनके कार्यालय पर भिजवाए जा रहे थे, करीब तीन लाख 30 हजार का बिल बकाया है।
पैसे के लिए मैं मेरी पत्नी के साथ उनके ऑफिस भी गया था, वहां भी मुझे भगा दिया गया। मंत्री के कार्यालय में कार्यरत सत्यप्रकाश ने मुझे धमकी दी थी कि अगर तूने पानी सप्लाई नहीं किया तो तेरा प्लांट बंद कर दिया जाएगा। इसी कारण मैं पानी सप्लाई करता रहा। उन्होंने अब मीडिया के माध्यम पैसे दिलाने की मांग की है, जिससे वह अपने बच्चों का इलाज कर सके।