अलवर में शादी कराने के नाम पर युवक से 10 लाख रुपए से ज्यादा की ठगी का मामला सामने आया। पहली दुल्हन नशीला दूध पिलाकर नकदी लेकर फरार हो गई, जबकि दूसरी शादी के बाद भी आरोपियों ने पैसों की मांग जारी रखी।
अलवर में शादी कराने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी और धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि एक संगठित गिरोह ने पहले शादी का झांसा देकर उससे लाखों रुपए ऐंठे। पहली युवती घर से नकदी और सामान लेकर फरार हो गई, जबकि दूसरी युवती से शादी कराने के बाद भी लगातार पैसों की मांग की जाती रही। मामले में शहर कोतवाली थाना पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रेम नगर मेहताब सिंह का नोहरा निवासी अजय शर्मा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी पहचान माचाड़ी निवासी बंटी से हुई थी। जून 2025 में बंटी ने उसकी मुलाकात मनोहर उर्फ पप्पी पंडित से कराई। आरोप है कि दोनों ने एक युवती की फोटो दिखाकर कहा कि लड़की मध्यप्रदेश की रहने वाली है और उसके पिता गंभीर रूप से बीमार हैं। शादी कराने के बदले इलाज और अन्य खर्चों के नाम पर करीब 3 लाख रुपए मांगे गए।
पीड़ित के अनुसार शुरुआत में किराया-भाड़ा और अन्य खर्च बताकर 30 हजार रुपए नकद लिए गए। इसके बाद 12 जनवरी 2026 को मध्यप्रदेश निवासी निशा को उसके कथित भाई, मौसा और मौसी के साथ अलवर लाया गया। उसी दिन टेल्को चौराहे के पास करीब 2.30 लाख रुपए नकद मनोहर उर्फ पप्पी को सौंपे गए।
अजय शर्मा ने बताया कि युवती करीब पांच दिन तक उसके जीजा और बहन के घर पर रही। इस दौरान परिवार ने उसके लिए करीब 60 हजार रुपए के कपड़े, लहंगा, साड़ी, मंगलसूत्र, बिछिया, मेकअप और अन्य सामान खरीदा।
नशीला दूध पिलाकर फरार
परिवादी के मुताबिक 17 जनवरी 2026 की रात युवती ने परिवार के लोगों को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। सुबह जब परिवार की आंख खुली तो युवती घर से गायब मिली। घर से करीब 3 लाख रुपए नकद, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी गायब था। युवती के साथ आए कथित रिश्तेदार भी फरार मिले। पीड़ित ने जब इसकी शिकायत बंटी और मनोहर से की तो उन्होंने दूसरी युवती आरती से शादी कराने का प्रस्ताव दिया। आरोपियों ने बताया कि युवती तलाकशुदा है और फिलहाल माचाड़ी-राजगढ़ क्षेत्र में रह रही है।
दूसरी शादी के बाद फिर शुरू हुई पैसों की मांग
10 लाख से ज्यादा का नुकसान
परिवादी का आरोप है कि आरोपियों ने मिलकर उससे करीब 3.60 लाख रुपए नकद ले लिए, जबकि शादी समारोह और अन्य व्यवस्थाओं में करीब 6.50 लाख रुपए खर्च करवा दिए। इस तरह पूरे घटनाक्रम में उसे 10 लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ। फिलहाल शहर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे गिरोह और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।