इलेक्ट्रीशियन महिपाल का फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित इलेक्ट्रिक उपकरण बनाने वाली एक फैक्ट्री में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री में कार्यरत 28 वर्षीय इलेक्ट्रीशियन महिपाल की करंट लगने से मौत हो गई। महिपाल केरवा जाट का निवासी था और बुधवार सुबह करीब 5 बजे पैनल में काम करते समय वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। आरोप है कि फैक्टरी प्रबंधन की ओर से वहां काम करने वालों को उचित उपकरण भी उपलब्ध नहीं करवा रखे गए थे। जिस कारण महिपाल करंट की चपेट में आ गया और अपने प्राण गंवा बैठा। सहकर्मियों ने तुरंत उसे ईएसआई अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद शव को सामान्य चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। जानकारी के अनुसार महिपाल अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। एक बेटा और एक 7 वर्षीय बेटी, जो जन्म से हृदय रोग से पीड़ित है। उसके इलाज में हर माह करीब 20 हजार रुपये का खर्च आता है। महिपाल की मौत से न केवल परिवार की आर्थिक रीढ़ टूट गई, बल्कि बच्चों से पिता का साया भी उठ गया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।