जिले के एनईबी थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान चोरी हुई नई कार और मोबाइल को पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है।
घटना 7 मई की है, जब अलवर के 60 फुट रोड पर स्थित एक विवाह समारोह में उपहार स्वरूप मिली नई कार और एक मोबाइल अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिए गए थे। काफी तलाश के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो पीड़ित परिवार ने एनईबी थाने में मामला दर्ज कराया। शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी दिनेश चंद मीणा ने बताया कि तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी सलिल पुत्र गफूर, निवासी मन्नाका को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शादी समारोह में मेहमान बनकर शामिल हुआ था। जब लोग अपने-अपने कामों में व्यस्त थे, तभी उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।
ये भी पढ़ें: Ajmer News: 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों से 50 करोड़ की ठगी, सरकारी टीचर गिरफ्तार; कांस्टेबल भाई अब भी फरार
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नई कार और मोबाइल भी बरामद कर लिए हैं। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि आरोपी सलिल के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और अन्य आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उससे इन मामलों में भी पूछताछ करेगी ताकि उसके आपराधिक इतिहास की पूरी जानकारी प्राप्त की जा सके। पूछताछ के लिए आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लिया जाएगा।