अलवर शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी के केवल दो दिन बाद 25 वर्षीय दूल्हे आदित्य जाटव की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, आदित्य जाटव निवासी शिवाजी पार्क, अलवर की शादी 25 नवंबर की रात को 60 फुट रोड निवासी पुलिस कांस्टेबल श्याम सिंह की बेटी नय्या से हुई थी। शादी की रस्में खुशी और उल्लास के साथ पूरी हुईं, लेकिन सुबह परिवार पर ऐसा दुख टूट पड़ा जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
गुरुवार सुबह करीब 6 बजे, आदित्य बाथरूम में बेहोशी की हालत में गिरा मिला। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस मौत से दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। दूल्हन नय्या भी जैसे ही अस्पताल पहुंची और पति की मौत की खबर सुनी, वह बेहोश होकर गिर पड़ी। माता-पिता सहित पूरा परिवार बेसुध हो गया।
ये भी पढ़ें: Udaipur News: उदयपुर में जूडो का उत्सव, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में हरियाणा और यूपी ने जीते स्वर्ण
आदित्य डीआरडीओ में ज्वाइंट डायरेक्टर के पद पर नौकरी करता था। आदित्य के पिता नंद किशोर रिटायर्ड प्रिंसिपल हैं, जबकि बड़े भाई आईओसीएल में मैनेजर हैं। परिवार ने बताया कि आदित्य की तबीयत शादी से पहले बिल्कुल ठीक थी और किसी तरह की कोई बीमारी की शिकायत नहीं थी।
अचानक हुई मौत के बाद परिजनों को ‘साइलेंट हार्ट अटैक’ का शक है, लेकिन वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम करवाने का निर्णय लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल जिला अस्पताल में दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं और पूरा इलाका इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।