अलवर जिले के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र के रघुनाथ बास गांव में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। नशे के आदी एक युवक ने शराब समझकर खेतों में छिड़कने वाली कीटनाशक दवा एल्ड्रिन पी ली, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना से मृतक के परिवार में मातम पसर गया है।
शराब समझकर पी गया एल्ड्रिन, बिगड़ी तबीयत
घटना रविवार देर रात की है। मृतक की पहचान अशोक शर्मा के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था और पिछले डेढ़ महीने से बेरोजगार था। परिजनों के अनुसार, नशे की हालत में अशोक ने एक बोतल में भरी एल्ड्रिन को शराब समझ लिया और पी गया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
अस्पताल में भर्ती के बाद नहीं बच सकी जान
परिजनों ने तुरंत उसे गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। हालांकि एल्ड्रिन की मात्रा शरीर में ज्यादा पहुंच जाने से हालत लगातार खराब होती गई और सोमवार सुबह उपचार के दौरान अशोक शर्मा की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- दिल्ली ब्लास्ट के बाद राजस्थान में हाई अलर्ट: जयपुर में सघन जांच शुरू, श्रीगंगानगर और बांसवाड़ा में क्या हाल?
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक अशोक शर्मा अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जो फिलहाल पढ़ाई कर रहे हैं। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। भाई राजेंद्र शर्मा ने बताया कि नशे की आदत के कारण ही अशोक ने गलती से एल्ड्रिन पी ली थी।
पोस्टमॉर्टम के बाद सौंपा गया शव
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्ट के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस घटना से पूरे रघुनाथ बास गांव में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: दिल्ली में लाल किले के पास विस्फोट के बाद राजस्थान में अलर्ट, DGP राजीव शर्मा ने बढ़ाई सतर्कता