चोरी के शक में पूछताछ के दौरान महिला ने आत्महत्या का प्रयास किया
- फोटो : अमर उजाला
अलवर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां चोरी के संदेह में हिरासत में ली गई एक महिला ने तेजाब पी लिया। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से उसे जयपुर रैफर करने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार दो दिन पहले शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र निवासी महेंद्र जैन के घर में चोरी की घटना हुई थी। इस मामले में संदेह के आधार पर वहां काम करने वाली एक महिला के खिलाफ शिवाजी पार्क थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
इसी दौरान महिला ने मकान मालिक महेंद्र जैन पर छेड़छाड़ और बदसलूकी के आरोप लगाए। उसका कहना है कि इन घटनाओं से परेशान होकर उसने पहले ही काम छोड़ दिया था। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस हिरासत के दौरान उसके साथ मारपीट की गई और अमानवीय व्यवहार किया गया।
ये भी पढ़ें: बांसवाड़ा पथराव प्रकरण में एक्शन: 36 उपद्रवियों के खिलाफ दो अलग-अलग केस दर्ज, पांच आरोपी हिरासत में लिए गए
घटना से आहत होकर महिला ने कथित रूप से तेजाब पी लिया। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। महिला के परिजनों ने भी पुलिस पर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं।
वहीं शिवाजी पार्क थाना प्रभारी चंद्रशेखर शर्मा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि महिला के साथ किसी तरह का दुर्व्यवहार नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल महिला का इलाज जारी है और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।