रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला यह मामला अलवर जिले का है। यहां पिता की सरकारी नौकरी पाने के लिए बेटे ने न केवल पिता के साथ जमकर मारपीट की बल्कि गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की। बेटे-बहू की मिलीभगत से मारपीट का शिकार हुए पिता ने जैसे-तैसे बेटे के चंगुल से छूटकर थाने में मामला दर्ज कराया है।
अलवर के भनडोड़ी स्कूल में टीचर निरंजनलाल ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि 9 मई को उनके बेटे अंकित ने पोते की तबीयत खराब होने के बहाने से उन्हें स्कूल से बुलाया और लोहे के सरिये से मारपीट की, जिससे वे बेहोश हो गए। उसके बाद बेटे और बहू उन्हें में गाड़ी में डालकर तीन-चार घंटे तक इधर-उधर घुमाते रहे।
निरंजनलाल ने पुलिस को बताया कि बहू पूजा और बेटे अंकित ने उन्हें अलग-अलग जगहों पर ले जाकर उनके साथ मारपीट की और तार से गला घोंटने के कोशिश की। उन्होंने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान दोनों उन्हें जान से मारने की धमकी देते रहे।
पड़ोसियों ने पीड़ित के बड़े भाई को इस बारे में सूचना देकर बुलाया। मौके पर पहुंचे बड़े भाई कृष्णकुमार शर्मा ने बताया कि हमने अंकित की गाड़ी का पीछा करके उसकी गाड़ी को रोककर पीड़ित को उनके चंगुल से बचाया। हालांकि इस दौरान आरोपी बेटे और बहू गाड़ी लेकर भाग गए।
निरंजनलाल ने अरावली विहार थाने में अपने बेटे और बहू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए जान-माल की सुरक्षा के साथ बेटे व बहू के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।