अलवर शहर के एनईबी थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में एक महिला के साथ ठगी के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला कुंती अग्रवाल ने बताया कि 26 जून को उसके पास एक व्हाट्सएप कॉलिंग से पुलिस अधिकारी का फोन आता है, वह कहता है कि आपकी बेटी प्रज्ञया अग्रवाल को हमने धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया है। इन्होंने और इसके साथ की तीन चार लड़कियों ने एक वकील के साथ 4 लाख का फ्रॉड किया है। इनकी जमानत करा लो।
पीड़ित महिला ने कहा मेरी बेटी तो कोटा में डॉक्टर है। वह ऐसा काम नहीं कर सकती। लेकिन, कॉल पर बात कर रहे व्यक्ति ने कहा कि हमने उसे गिरफ्तार कर लिया है। थोड़ी देर में हम उसे कोर्ट में पेश करेंगे। पीड़ित महिला ने पूछा कि जमानत में कितने पैसे लगेंगे तो उसने 35000 की डिमांड की। करीब एक घंटे तक कॉल में हुई बातचीत में महिला को पता लगा कि यह फर्जी कॉल है। इसके बाद पीड़िता ने डायल 100 पर सूचना दी।
महिला ने बताया कि उनकी बेटी प्रज्ञया अग्रवाल कोटा में है। वह ईएनटी फर्स्ट ईयर में पढ़ाई कर रही है। पीड़ित ने बताया कि उसने गूगल पर सर्च किया तो कॉल आए नंबर के व्हाट्सएप डीपी पर एडीजीपी मनीष शर्मा तस्वीर लगी थी। महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। मोबाइल नंबर के आधार पर आारोपी की तलाश की जा रही है।