अलवर के राजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थानीय गांव दुब्बी में पुश्तैनी जमीन पर बाजरे की बुआई को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अलवर के जिला अस्पताल में लाया गया है।
जानकारी के अनुसार राजगढ़ के दुब्बी गांव निवासी बाबूलाल मीणा और उसके चाचा शेडूराम के बीच जमीन बोने को लेकर लाठी-डंडे चल गए, जिसमें बाबूलाल मीणा उसकी पुत्री कविता और सुनीता मीणा गंभीर रूप से घायल हो गईं, वहीं दूसरे पक्ष का शेडूराम भी घायल हो गया। घायल सुनीता मीणा ने बताया कि दादा की जमीन पर सभी फसल बोते हैं लेकिन उनके चाचा शेडुराम द्वारा बाजरे की फसल बोने के दौरान उनसे झगड़ा किया गया और पूरे परिवार ने हमारे परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें सभी लोग घायल हो गए।
घटना को लेकर पुलिस चौकी में भी सूचना दी गई थी लेकिन कोई भी मामले की जांच करने नहीं पहुंचा।