जिले के बहरोड़ में रीको इंडस्ट्रीज एरिया फेज 2 स्थित ओरी प्लास्ट पाइप औद्योगिक इकाई में कल देर शाम भीषण आग लग गई। जिस समय आग लगी, उस समय फैक्ट्री में प्रोडक्शन कार्य चल रहा था और करीब 35 श्रमिक काम कर रहे थे। समय रहते इन श्रमिकों को बाहर निकालकर बचा लिया गया। यह आग प्लांट के स्टॉक यार्ड से शुरू हुई, जहां अति ज्वलनशील प्लास्टिक रखा हुआ था। इसके बाद हवा के कारण पलक झपकते ही पूरा प्लांट धधक उठा।
सूचना देने के 45 मिनट बाद बहरोड़ से पहली दमकल गाड़ी यहां पहुंची लेकिन इसमें पूरा पानी नही था, जिससे सिर्फ 13 मिनट में पानी खत्म हो गया और दमकल वापस लौट गई। इससे आग बेकाबू होती चली गई। प्लांट के आसपास श्रमिकों के आवासों को भी ऐहतियातन खाली करा लिया गया। आग इतनी भीषण थी कि अब तक इस पर पूरी तरह काबू नहीं किया जा सका है।
आग के कारण शहर की बिजली भी बंद कर दी गई। देर रात तक कोटपूतली, बहरोड़ ,केशवना, नीमराणा, जापानी जॉन और घिलोथ से दमकल की गाड़ियां 45 फेरे लगा चुकी थीं। इसके बावजूद आग पर काबू नहीं पाया जा सका। गौरतलब है कि यहां प्लास्टिक प्रोडक्ट बनाने की 40 फैक्ट्रियां हैं।
फैक्ट्री में इस तरह आग लगने के बाद अब अग्नि सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आग लगने के बाद श्रमिकों ने अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास भी किए लेकिन सफलता नही मिली। उधर कई दिनों से बनी स्मॉग की स्थिति के बीच इस आग से निकले धुएं ने हालात और बिगड़ दिए हैं। प्लास्टिक का घना काला धुआं आसमान में छाया रहा, जिससे लोगों की आंखों में जलन और सांस की तकलीफ भी बढ़ गई।
बहरहाल फायर ब्रिगेड ने रातभर पानी और फोम डालकर आग पर काबू तो कर लिया है लेकिन फिर भी कहीं-कहीं रुक-रुककर आग दिखाई दे रही है।