अलवर सदर थाना पुलिस ने जाजोरबास निवासी 28 वर्षीय युवक विशाल यादव की हत्या के मामले का पर्दाफाश कर आरोपी भुवनेश्वर उर्फ भुन्त्री मेघवाल को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का कारण भुन्त्री की भाभी से मृतक के अवैध संबंध होना बताया गया है। वारदात में मृतक की प्रेमिका व उसके पति की अभी कोई भूमिका सामने नहीं आई है।
पुलिस ने बताया कि ईश्वरसिंह पुत्र रामजस यादव निवासी जाजोरबास ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 अगस्त की रात उसका बेटा विशाल करीब सवा 10 बजे के आसपास घर से निकला था, जो कि वापस नहीं लौटा। 31 अगस्त को तड़के 3 बजे हत्यारे भुवनेश्वर ने फोन करके बताया कि विशाल गांव के गेट के पास डिवाइडर पर मृत पड़ा है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की सूचना देने वाले आरोपी भुवनेश्वर उर्फ भुन्त्री से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसका भाई आर्मी में नौकरी करता है ओर विशाल के भाभी से अवैध संबंध थे। घटना की रात को विशाल ने उसकी भाभी को फोन किया, उसे इसका पता लग गया था। इस दौरान विशाल उनके घर की ओर घूमता मिला, इस पर विशाल और भुवनेश्वर में गाली-गलौच व मारपीट हुई। इसी झगड़े में विशाल की मौत हो गई। घटना को एक्सीडेंट का रूप देने के लिए भुन्त्री ने शव को गांव के गेट के सामने अलवर-भिवाड़ी मेगा हाईवे के डिवाइडर के बीच पटक दिया। इसके बाद उसने विशाल के परिजनों को फोन करके सड़क पर शव पड़ा होने की सूचना दी। पुलिस ने आरोपी भुवनेश्वर उर्फ भुत्री पुत्र दयाराम मेघवाल निवासी जाजोरबास को गिरफ्तार कर लिया है।