अलवर नगर निगम में बकाया भुगतान नहीं मिलने से पांच अधिकारियों की गाड़ियों के चालक तीन दिनों से हड़ताल पर हैं। अतिक्रमण दस्ते का चालक भी 10 दिनों से हड़ताल पर है। इससे अधिकारियों की आवाजाही और अतिक्रमण निरोधक कार्रवाई प्रभावित हो रही है।
नगर निगम में वाहनों का बकाया भुगतान नहीं होने से चालकों की हड़ताल जारी है। पांच अधिकारियों की गाड़ियों के चालक पिछले तीन दिनों से काम बंद कर हड़ताल पर हैं। वहीं, अतिक्रमण निरोधक दस्ते में इस्तेमाल होने वाली बोलेरो का चालक भी पिछले 10 दिनों से वाहन खड़ा कर हड़ताल पर बैठा है। चालकों के गाड़ियां खड़ी कर देने से नगर निगम का दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है।
बोलेरो चालक सोनू ने बताया कि उनकी गाड़ी का पिछले छह महीने से भुगतान नहीं हुआ है। अन्य गाड़ियों का भी दो से तीन महीने का भुगतान बकाया है। नगर निगम प्रत्येक गाड़ी के लिए 28,900 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से भुगतान करता है। समय पर पैसा नहीं मिलने के कारण चालकों को अपनी जेब से डीजल भरवाना पड़ रहा है। गाड़ियों के रखरखाव का खर्च भी उन्हें खुद उठाना पड़ रहा है।
बकाया भुगतान नहीं मिलने पर खड़ी की गाड़ियां
चालकों के अनुसार, कई महीनों तक भुगतान का इंतजार करने और अपनी जेब से खर्च उठाने के बाद उन्होंने गाड़ियां खड़ी करने का फैसला लिया। अब उनके लिए डीजल और रखरखाव का खर्च उठाना संभव नहीं रह गया है। गाड़ियों के खड़े होने से अधिकारियों की आवाजाही के साथ ही बाजारों में अतिक्रमण की निगरानी भी प्रभावित हो रही है। इस मामले में नगर निगम आयुक्त माधव भारद्वाज ने कहा कि वे अधिकारियों की गाड़ियों के बकाया भुगतान से संबंधित मामले को दिखवा रहे हैं।