तैयारियों का जायजा लेते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक संजीव नैन ने आज रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव की तैयारी और क़ानून व्यवस्था का जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रामगढ़ विधानसभा उप चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी सम्पन्न कराने हेतु भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने पाली, रौणपुर और सैमला खुर्द आदि गांवों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर निर्देश दिए कि सभी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, मतदाता जागरूकता गतिविधि कराएं।
उन्होंने ग्राम पाली में मतदाताओं के नाम जोड़ने और हटाने में बीएलओ के कार्य और मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। जिस पर ग्रामीणों ने बीएलओ के कार्य और स्कूल के स्टाफ के कार्य व्यवहार की तारीफ की।
उन्होंने ग्राम रौणपुर में चिन्हित भयग्रस्त मतदाताओं से बातचीत कर फीडबैक लिया। जिस पर चिन्हित भयग्रस्त मतदाताओं ने बताया कि यहां कभी उन्हें मतदान करने मे कोई परेशानी नहीं आई और न ही कभी यहां चुनावी झगड़ा हुआ। उन सब ने कहा कि उनका नाम भयग्रस्त मतदाता सूची में गलत पहले किसी ने जोड़ दिया उसे हटाया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अन्य ग्रामीणों व बीएलओ से फीडबैक लेकर उनसे कहा कि इनसे भय ग्रस्त सूची से बाहर करने हेतु आवेदन लेवे। मतदान के पश्चात इनका नाम इस सूची से हटाए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रथम मुकेश कायथवाल, उपखंड अधिकारी गोविंदगढ़ सुभाष यादव, पुलिस उपाधीक्षक लक्ष्मणगढ़ कैलाश जिंदल, पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।