अलवर-करौली एनएच सड़क मार्ग स्थित गढ़ी सवाईराम बस स्टैंड पर संचालित पंजाब नेशनल बैंक में गुरुवार दोपहर बाद नकबजन हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में बैंक लूट की वारदात को अंजाम दिया। बैंककर्मियों के मुताबिक, गुरुवार दोपहर बाद करीब पौने चार बजे तीन बदमाश मण्डावर महुआ की ओर से अपाचे मोटरसाइकिल पर बैंक के सामने आकर रूके। तीनों बदमाशों के मुंह पर रूमाल बंधे हुए थे।
आनन-फानन में बैंक में घुसते ही वहां कार्यरत मैनेजर रामेश्वर दयाल मीणा, कैशियर जितेंद्र महावर, फील्ड मैनेजर दुष्यंत तिवारी, एलडीसी टीना, क्लर्क चंद्रशेखर और ई-मित्र संचालक मुनेश कुमार की कनपटी पर रिवॉल्वर लगाकर दो मिनट में छह लाख 83 हजार 400 रुपये कैश लूटकर लुटेरे ले गए। घटना के बाद तीनों बदमाश गोठडा, माणकपुर की सड़क मार्ग से बदावड़ की घाटी होकर पार हो गए।
बैंककर्मियों सहित स्थानीय लोगों ने बोलेरो गाड़ी से बदमाशों का पीछा किया। जहां उनका सुराग बड़ावड की घाटी तक लग पाया। घटना की सूचना स्थानीय चौकी इंचार्ज भजनलाल मीणा को दी गई, जिस पर चौकी इंचार्ज ने रैणी थाने को सूचना दी। सूचना पाकर रैणी थानेदार राजेश मीणा मय जाब्ते संग मौके पर पहुंचे। जहां बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य जानकारी जुटाई गई।
मामले की संगीनता को देखते हुए अलवर से एडिशनल एसपी सुरेश चंद खींची, राजगढ़ डीएसपी उदय सिंह मीणा, कोतवाल रामजीलाल मय जाब्ते के साथ मौके पर पंहुचे। देर शाम को मौके पर पहुंचे अलवर पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा ने बैंक की तमाम जानकारियां जुटाकर बताया कि गढ़ी सवाईराम कस्बे में पीएनबी की ब्रांच है, जिसमें शाम को करीब चार बजे तीन लड़के बैंक के अंदर आए, जो करीब छह सात लाख रुपये कैशियर से लूटकर ले गए। मौका मुआवना किया गया, मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी कर लूट की राशि को बरामद करने की कोशिश की जाएगी।