अलवर के परीक्षा केंद्र पर NET अभ्यर्थियों का हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
अलवर जिले के मॉडर्न इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर (MITRC) में रविवार को आयोजित CSIR-NET लाइफ साइंस परीक्षा में तकनीकी खामियों के चलते अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया। परीक्षा के दौरान कंप्यूटर शट डाउन, सर्वर डाउन, माउस-कीबोर्ड काम न करना जैसी समस्याओं के कारण अभ्यर्थियों को पेपर बीच में छोड़कर बाहर आना पड़ा।
परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रस्तावित थी, लेकिन तकनीकी समस्याएं शुरुआत से ही बनी रहीं। अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्हें समय पर रोल नंबर नहीं दिए गए, प्रॉपर सीटिंग व्यवस्था नहीं थी, और कई कंप्यूटर बंद पड़े थे। कुछ छात्रों ने पेपर लीक होने की आशंका भी जताई।
अभ्यर्थी नरेश और विनय कुमार ने बताया कि परीक्षा शुरू होने के एक घंटे बाद तक सर्वर बार-बार डाउन हो रहा था। क्लिक करने पर प्रश्न गायब हो जाते, कुछ कंप्यूटर अपने आप शट डाउन हो जाते थे। परीक्षा केंद्र पर इनविजिलेटर की भी व्यवस्था नहीं थी, जिससे उम्मीदवार आपस में बात करते रहे और कोई नियंत्रण में नहीं था। लगातार आ रही दिक्कतों के कारण करीब 200 अभ्यर्थियों में से कई छात्र परीक्षा बीच में छोड़कर बाहर निकल गए। सेंटर प्रशासन ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन मामला बढ़ता देख छात्रों ने अंदर ही विरोध शुरू कर दिया। कुछ छात्राएं भावुक हो गईं।
ये भी पढ़ें: Karauli: हरियाली तीज पर नगर परिषद करौली ने किया पौधारोपण, विधायक और सभापति रहे मौजूद
स्थिति बिगड़ते देख सदर थाना पुलिस को मौके पर बुलाया गया। एसएचओ रमेश सैनी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे परीक्षा दोबारा देने की मांग पर अड़े रहे। पेपर समाप्त होने के बाद भी करीब 50 अभ्यर्थी कॉलेज परिसर में डटे रहे।
वहीं, अभ्यर्थियों का आरोप है कि अलवर के अन्य परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सामान्य रूप से संपन्न हुई, लेकिन केवल MITRC सेंटर पर ही गड़बड़ियां सामने आईं। अभ्यर्थियों ने NTA और उच्च प्रशासन से परीक्षा को रद्द कर पुनः आयोजन की मांग की है। फिलहाल पुलिस की निगरानी में मामला शांत कराया गया है, लेकिन अभ्यर्थी इस परीक्षा को लेकर संतुष्ट नहीं हैं और आधिकारिक हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।