अलवर में चाचा के बेटे ने ही भाई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद परिजन शव को लेकर सेटेलाइट अस्पताल खैरथल पहुंचे। बता दें कि लोकेश गुड़गांव में काम करता था जो आज छुट्टी में घर आया था। आज जब वह घर लौट रहा था, तो उसके चाचा के लड़के ने पीछे से कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे उसकी वहीं पर मौत हो गई।
लोकेश के परिजनों को जैसे ही वारदात का पता चला वे दौड़कर घटनास्थल पर पहंचे और लोकेश को लेकर खैरथल के सेटेलाइट हॉस्पिटल पहुंचे, लेकिन लोकेश की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी।
हॉस्पिटल लाते ही डॉक्टरों ने लोकेश को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम किया गया और शव परिजनों को सौंप दिया। उधर, पुलिस की ओर से अभी ऐसी कोई जानकारी नहीं दी गई है कि हत्यारे को पकड़ लिया गया है। घटना के बाद से हत्यारा फरार बताया जा रहा है, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार हत्या का मुख्य कारण भी पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रथमद्रष्टया यही बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच काफी समय से झगड़ा चला आ रहा है। लोकेश के नौकरी पर लगने से उसका परिवार ज्यादा अच्छी स्थिति में हो गया था और इसी से लोकेश से उनका मनमुटाव चल रहा था। जिसके चलते चाचा के लड़के ने लोकेश की निर्मम हत्या कर डाली।