अलवर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन के बाहर 29 दिसंबर को एक करीब 55 वर्षीय व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए अलवर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मॉर्चरी में सुरक्षित रखा गया शव, पहचान की कोशिश
मौत के बाद पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया और मृतक की पहचान तथा परिजनों की तलाश शुरू की। रेलवे स्टेशन परिसर, आसपास के क्षेत्रों और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाई गई, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी कोई परिजन सामने नहीं आया।
पहचान के कोई दस्तावेज नहीं मिले
कोतवाली थाना के एएसआई इलियास ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 55 वर्ष आंकी गई है और वह देखने में भिखारी प्रवृत्ति का प्रतीत हो रहा था। उसके पास से कोई भी पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुए, जिससे शिनाख्त में कठिनाई आई। नियमानुसार तय अवधि तक इंतजार करने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाई।
यह भी पढ़ें- Nagaur News: खनन माफिया ने सरकारी टीम पर किया पथराव, वाहनों से टक्कर की कोशिश; SP की सख्त कार्रवाई की चेतावनी
प्राथमिक जांच में ठंड से मौत की आशंका
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत अत्यधिक ठंड के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि कोई नई जानकारी सामने आती है तो उसी अनुसार प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।