ऑनलाइन डेटिंग एप पर हुई दोस्ती के बाद कनाडा की रहने वाली एक महिला शादी करने के इरादे से राजस्थान पहुंच गई। करीब एक साल तक चली बातचीत के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया था, लेकिन आमने-सामने मुलाकात के बाद उम्र का अंतर रिश्ते में रुकावट बन गया। युवक ने महिला की उम्र करीब 61 साल होने की जानकारी मिलने के बाद शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। मामले की सूचना कनाडा दूतावास तक पहुंची तो नीमराना पुलिस ने हस्तक्षेप किया। फिलहाल विदेशी महिला को कोटपूतली स्थित कोर सेंटर में रखा गया है।
पूरा मामला बहरोड़ जिले के नीमराना स्थित बीबी बिल्डर्स सोसायटी का है। नीमराना थाना अधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि करीब एक साल पहले डेटिंग एप के माध्यम से हरियाणा के पानीपत निवासी नितिन पुत्र सत्यनारायण की कनाडा की रहने वाली एक महिला से बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने शादी करने पर सहमति जताई।
इसके बाद महिला टूरिस्ट वीजा पर 11 नवंबर को दिल्ली पहुंची। युवक उसे लेने दिल्ली एयरपोर्ट गया और वहां से अपने मौसा-मौसी के फ्लैट पर नीमराना स्थित बीबी बिल्डर्स सोसायटी ले आया। बताया जा रहा है कि महिला दो दिन तक युवक के साथ सोसायटी में रही।
पढे़ं: बदले की कहानी आई सामने, पिता की हत्या के 7 साल बाद बेटे ने कुल्हाड़ी से लिया बदला
इसी दौरान जब शादी की बात आगे बढ़ी तो महिला की उम्र करीब 61 साल होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और विवाद हो गया। 13 नवंबर को महिला ने कनाडा दूतावास से संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
दूतावास के अधिकारियों से सूचना मिलने के बाद नीमराना पुलिस सुबह करीब चार बजे बीबी बिल्डर्स सोसायटी पहुंची। पुलिस युवक और विदेशी महिला को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है, जबकि महिला को कोटपूतली स्थित कोर सेंटर में रखा गया है।
बताया जा रहा है कि युवक नितिन पानीपत का रहने वाला है और एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, महिला को सुरक्षित रखने और उसे वापस कनाडा भेजने की प्रक्रिया को लेकर भी तैयारी की जा रही है।
पुलिस की तत्परता से टला अप्रिय घटनाक्रम
मामले में नीमराना पुलिस की तत्परता भी सामने आई है। कनाडा दूतावास से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर महिला को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सका।