शहर के विजय मंदिर थाना क्षेत्र के सहनपुरी गांव में खेतों की सिंचाई के लिए बनाए गए डैम में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा पैर फिसलने के कारण हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।
गांव के पूर्व सरपंच जलाराम ने बताया कि मृतक मिसरी (24) निवासी सहनपुरी शुक्रवार दोपहर खेतों की ओर गया था। खेत में बने पानी के डैम के पास पहुंचने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह डैम में जा गिरा।
घटना के समय आसपास मौजूद ग्रामीणों ने युवक को पानी में गिरते देखा और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हालांकि हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: रविंद्र सिंह भाटी के पेट्रोल कांड पर बड़ा एक्शन! विधायक के सुरक्षा अधिकारी पर गिरी गाज
घटना की सूचना मिलने पर विजय मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटनावश पैर फिसलने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। युवक की असमय मौत से गांव में शोक की लहर है।