हनुमानगढ़ के पीलीबंगा थाना क्षेत्र के गंगा मैरिज पैलेस में हो रहे ईसाई समाज सत्संग में धर्म परिवर्तन कराने का मामले सामने आया है। हिंदू समाज के लोगों ने सत्संग में पांच लाख रुपये का लालच देकर धर्मांतरण करने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। इसमें 15-20 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
वहीं, विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस शांति भंग करने के आरोप में सात लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई, जबकि मारपीट में घायल हुए सैमुअल मसीह पीलीबंगा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिवादी प्रमोद मावर पुत्र इंद्राज धाणक निवासी पीलीबंगा ने थाने में केस दर्ज कराया है। उसने अपनी शिकायत में बताया कि ईसाई धर्म का प्रचार कर रहे हरबंस सिंह ने 7 जुलाई को उसे कहा कि रविवार को गंगा मैरिज पैलेस में ईसाई धर्म का बहुत बड़ा कार्यक्रम है, जिसमें हिंदू और सिख धर्म के बहुत से लोग ईसाई बनेंगे। क्योंकि, यीशुजी सबका दुःख दर्द दूर कर रहे हैं।
रविवार को प्रमोद गंगा मैरिज पैलेस पहुंचा तो वहां मौजूद हरबंस मसीह वगैरह ने कहा कि आपको 5 लाख रुपए देंगे, ईसाई धर्म अपना लो। उसके मना करने पर उसने जातिसूचक गालियां भी दी।
बाइबल को फाड़कर बेअदबी करने का आरोप
हरबंश लाल पुत्र इकबाल चंद निवासी पीलीबंगा ने भी पुलिस को शिकायत दी। उसने बताया कि वह अंकुर नरूला मनिस्ट्री संस्था जालंधर पंजाब में पीलीबंगा शाखा का प्रभारी है। जो प्रभु ईशामशीह के प्रवचनों का प्रचार-प्रसार करती है। रविवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक गंगा मैरीज पैलेस में उक्त संस्था द्वारा जालंधर से आनॅलाइन प्रसारण चल रहा था।
इस दौरान करीब 11.30 बजे इंद्रजीत नंदीवाल, विक्रम इंदोरा, आयुष बिहारी, संजु पंडित सहित 250-300 युवा कपड़े से मुंह ढ़ककर आए उनके हाथ में लोहे के पाइप, लाठियां थीं। सभी गंगा पैलेस में घुसे और सत्संग सुनने वालों पर हमला कर दिया। इस दौरान कुर्सियां, साउंड सिस्टम और लोगों के वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। साथ ही पवित्र बाइबल को फाड़कर बेअदबी भी की गई दी। मारपीट में शैमुअल मशीह निवासी राजसमंद, सतपाल निवासी मंडी पीलीबंगा समेत 15-20 लोग घायल हुए हैं।
ये बोले हिंदू संगठन के लोग
हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने यह आरोप लगाया है कि ईसाई मिशनरी लोगों को बहला फुसलाकर धर्मांतरण करवा रही थी। उसके विरोध में हिंदूवादी संगठनों ने कार्यक्रम से करीब आधा किलोमीटर दूर हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। उसके बाद ईसाई मिशनरी से संबंधित लोगों ने उन पर हमला कर दिया। बजरंग दल के कार्यकर्ता देवेंद्र सिंह शेखावत का आरोप है कि हिंदू संगठन पर ही हमला हुआ और पीलीबंगा पुलिस उलटे उनको ही उठाकर थाने में ले आई।