राजस्थान लोक सेवा आयोग ने स्पष्ट कर दिया है कि वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) भर्ती परीक्षा-2025 का आयोजन 12 से 18 जुलाई 2026 तक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। परीक्षा स्थगित करने और आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर दायर याचिकाओं पर शनिवार को जयपुर स्थित राजस्थान हाईकोर्ट की खंडपीठ में सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद आयोग ने भर्ती से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए शुद्धि-पत्र संख्या 11/2026-27 जारी किया और कुल पदों की संख्या संशोधित कर 9,651 कर दी।
12.30 लाख से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
इस भर्ती परीक्षा में 12 लाख 30 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। आयोग ने स्पष्ट किया कि परीक्षा कार्यक्रम में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है और सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
हाईकोर्ट में क्या हुआ?
सुनवाई के दौरान आयोग के सचिव स्वयं न्यायालय में उपस्थित हुए। उन्होंने कोर्ट को बताया कि भर्ती विज्ञापन जारी होने के बाद लागू नियमों के अनुसार मूल विज्ञापित पदों में अधिकतम 50 प्रतिशत तक ही वृद्धि की जा सकती है। जबकि पहले जारी शुद्धि-पत्र के माध्यम से पदों की संख्या 6,500 से बढ़ाकर 10,537 कर दी गई थी, जो निर्धारित सीमा से अधिक थी। इसी कानूनी स्थिति को ध्यान में रखते हुए आयोग ने पूर्व आदेश में संशोधन कर 50 प्रतिशत वृद्धि की सीमा के भीतर कुल 9,651 पद अधिसूचित कर दिए हैं।
अब इतने पदों पर होगी भर्ती
संशोधित शुद्धि-पत्र के अनुसार विषयवार पदों की संख्या इस प्रकार रहेगी-
गणित- 2,076 पद
विज्ञान- 2,031 पद
अंग्रेजी- 1,956 पद
हिंदी- 1,577 पद
संस्कृत- 1,323 पद
सामाजिक विज्ञान- 600 पद
उर्दू- 71 पद
पंजाबी- 14 पद
सिंधी- 2 पद
गुजराती- 1 पद
आयोग ने बताया कि इन पदों का वर्गवार वर्गीकरण (कैटेगरी-वाइज ब्रेकअप) भी जल्द जारी कर दिया जाएगा।
भर्ती का पूरा घटनाक्रम
गौरतलब है कि RPSC ने 17 जुलाई 2025 को 6,500 पदों के लिए वरिष्ठ अध्यापक भर्ती का मूल विज्ञापन जारी किया था। इसके लिए 19 अगस्त से 17 सितंबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए। बाद में माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर पदों की संख्या बढ़ाकर 10,537 कर दी गई थी, लेकिन नियमों के अनुरूप संशोधन करते हुए अब कुल 9,651 पदों पर भर्ती की जाएगी।
आयोग ने अभ्यर्थियों से की अपील
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी नवीनतम सूचनाएं और शुद्धि-पत्र आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से ही प्राप्त करें। परीक्षा पूर्व निर्धारित तिथियों 12 से 18 जुलाई 2026 के बीच ही आयोजित होगी।